जीएसटी की दबिश: व्यापारी नाराज, हड़ताल की चेतावनी

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर रिंग रोड स्थित एक बिल्डिंग मटेरियल दुकान में शनिवार की दोपहर जीएसटी विभाग की छापेमारी से व्यापारी भड़क गए। यह कार्रवाई बिलासपुर चौक के पास स्थित प्रतिष्ठान में जीएसटी गड़बड़ी की शिकायत पर की गई थी। जैसे ही छापे की खबर फैली, अन्य व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया। मौके पर अजीब स्थिति बन गई। व्यापारियों ने जीएसटी स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए और कहा, विभाग एक ही संस्थान पर साल में तीन से चार बार दबिश दे रहा है। व्यापारी को चोर साबित करने की कोशिश हो रही है। घटना के बाद व्यापारियों ने बैठक की। चेतावनी दी कि यदि बेवजह कार्रवाई बंद नहीं हुई तो संभाग स्तर पर हड़ताल करेंगे। दुकानों में ताला लगाकर जीएसटी कार्यालय में चाबी सौंप देंगे। कैट के पदाधिकारी और ट्रक मालिक संघ के संभागीय अध्यक्ष रविंद तिवारी ने कहा, जीएसटी विभाग मनमाने तरीके से कार्रवाई कर रहा है। कुछ कर्मचारी अवैध कारोबार का डर दिखाकर वसूली करते हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी अजित अग्रवाल ने कहा, विभाग व्यापारियों को बेवजह परेशान कर रहा है। उन्हें चोर साबित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा, हम जीएसटी कमिश्नर से मिलकर चर्चा करेंगे। कार्रवाई नहीं रुकी तो दुकानें बंद कर हड़ताल करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *