रायगढ़ में पुलिस ने 3 बाइक चोरों को पकड़ा:चोरी की 9 बाइक बरामद, साप्ताहिक बाजार में मास्टर चाबी से करते थे चोरी,2 आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 9 चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। चोर साप्ताहिक बाजारों में मास्टर चाबी के जरिए चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। मामले का खुलासा करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने बताया कि शनिवार को ग्राम तेतला के पास एक युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। तभी मामले की सूचना पुसौर थाना प्रभारी रामकिंकर यादव को लगी। ऐसे में पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और संदेही युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरीशंकर दास (19 वर्ष), निवासी सांगीतराई बताया और बाइक चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। गौरीशंकर ने बताया कि वह अपने साथियों विकेश महंत, मोहन महंत (दोनों फरार), दुरेन्द्र मैत्री (निवासी छुहीपाली) और गौतम पटेल (निवासी सांगीतराई) के साथ मिलकर पिछले 3-4 महीनों से विभिन्न साप्ताहिक बाजारों में मास्टर चाबी से बाइक चोरी करता था। इसके बाद उसे सस्ते दामों में वे बेच देते थे। घर के पीछे छिपा रखा था बाइक जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी गौरीशंकर के घर के पीछे छिपाकर रखी गई 6 चोरी की बाइकें बरामद की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों दुरेन्द्र मैत्री और गौतम पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने मिलकर साप्ताहिक बाजारों से मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी की थी। दुरेन्द्र मैत्री के ठिकाने से भी 3 चोरी की बाइकें बरामद की गईं। पुलिस ने इनके गिरोह के अन्य सदस्यों विकेश महंत और मोहन महंत के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन दोनों फरार हो चुके थे। उनकी तलाश जारी है। इन थाना क्षेत्रों से की चोरी
पूछताछ में पता चला कि इस गिरोह ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 6 बाइकों की चोरी की है। जिनमें कोतवाली, कोतरारोड, चक्रधरनगर, पुसौर, भूपदेवपुर और सरिया थाना (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) शामिल हैं। बरामद बाइकें इन्हीं थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी हुई हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *