धमतरी में विश्व साइकल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत एक विशेष साइकल रैली का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संयुक्त पहल पर आयोजित इस रैली में एसडीएम पीयूष तिवारी, तहसीलदार सूरज बंछोर सहित कई अधिकारी शामिल हुए। रैली गांधी मैदान से शुरू होकर गोलबाजार, घड़ी चौक, देवश्री टॉकीज रोड, शिवचौक और सेंचुरी गार्डन होते हुए गांधी चौक पर समाप्त हुई। इसमें जिला कुश्ती संघ, एथलेटिक्स संघ और कराटे संघ के अध्यक्षों के साथ स्थानीय खिलाड़ी, विद्यार्थी और आम नागरिक भी शामिल हुए। एसडीएम पीयूष तिवारी ने साइकल चलाने के फायदे बताते हुए कहा कि इसे रोजाना की दिनचर्या में शामिल करने से अन्य व्यायाम की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि साइकल चलाने से हृदय स्वास्थ्य सहित शरीर का हर अंग स्वस्थ रहता है। अतिथियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्कूल, कॉलेज या बाजार जाने के लिए साइकल का उपयोग करें। उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए कहा कि पहले साइकल से स्कूल जाने का अनुभव आज भी उनके जीवन में सकारात्मक प्रभाव छोड़ रहा है। रैली के माध्यम से लोगों को फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।


