बिलासपुर में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर दो अलग-अलग साइकिल रैलियों का आयोजन किया गया। सुबह 6:30 बजे डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए साइकिल रैली निकाली। शाम को जिला यातायात पुलिस बिलासपुर, राइडिंग कम्युनिटी और नागरिक जन सहयोग के संयुक्त तत्वावधान में यातायात जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू हुई। यह सत्यम चौक, अग्रसेन चौक और श्रीकांत वर्मा चौक से होते हुए आगे बढ़ी। फिर महिमा तिराहा, मिनीमाता चौक, महाराणा प्रताप चौक से गुजरी। राजीव गांधी चौक, इंदु चौक और आईजीपी तिराहा होते हुए पुलिस ग्राउंड पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल, ग्रामीण क्षेत्र की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा और यातायात के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे मौजूद रहे। यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और राइडिंग कम्युनिटी के सदस्य भी शामिल हुए। राइडर्स ने तख्तियों के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने नशे में वाहन न चलाने और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की। स्टंटबाजी न करने और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने का संदेश दिया। गलत साइड से वाहन चलाने और नो पार्किंग में वाहन खड़ी करने के नुकसान बताए। रेड सिग्नल का पालन करने और हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने की अनिवार्यता पर जोर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। डीएवी स्कूल की फिट इंडिया साइकिल रैली खेल एवं युवा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आरंभ किए गए ‘फिट इंडिया साइकिल रैली’ के अंतर्गत रविवार को डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा सुबह 6:30 बजे साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी और डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य के. पार्थीपन की ओर से किया गया। रैली के प्रारंभ में डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा बैंड के माध्यम से देशभक्ति धुन प्रस्तुत किया गया। फिट इंडिया की शपथ दिलाई गई कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तिवारी ने इस मौके पर ‘फिट इंडिया’ के की ओर से शपथ ग्रहण कराया। साइकिल रैली में लगभग 300 से अधिक लोगों की भागीदारी रही, जिसमें छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिसकर्मी और एसईसीएल के अधिकारीगण शामिल रहे। इस रैली का आरंभ डीएवी स्कूल प्रांगण से हुआ और वसंत विहार परिसर व सीपत रोड होते हुए स्कूल प्रांगण में इसका समापन हुआ। फिटनेस और पर्यावरण के लिए साइकिल चलाएं: पार्थीपन डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य के. पार्थीपन ने कहा कि साइकिल को अपनी दिनचर्या में अवश्य शामिल करना चाहिए। यह न केवल स्वास्थवर्धन में सहयोगी है, बल्कि धरती पर बढ़ते हुए प्रदूषण से भी मुक्ति दिलाने की दृष्टि से अहम है। उन्होंने बताया कि भारत के लगभग 27 राज्यों के 920 डीएवी स्कूल के एक लाख से भी अधिक विद्यार्थियों ने मंत्रालय द्वारा आयोजित इस साइकिल रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डीएवी के स्टूडेंट्स देश का नाम रोशन कर रहे उन्होंने बताया कि डीएवी दिल्ली प्रबंधन समिति द्वारा आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिवर्ष डीएवी स्कूल के लाखों बच्चे हिस्सा लेते हैं। डीएवी प्रबंधन समिति अध्यक्षा ‘पद्मश्री’ डॉक्टर पूनम सूरी द्वारा खेलकूद के आयोजन के माध्यम से बच्चों में छिपी प्रतिभा और क्षमता को निखरने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि डीएवी स्कूल से विभिन्न राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, मनु भाकर, महेंद्र सिंह धोनी, कपिल देव, युवराज सिंह, आदि आज भारतवर्ष का मस्तक गर्व से ऊंचा करने में अग्रणी हैं।


