कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के पिलौंजी गांव स्थित अपनी ससुराल से तीन दिसंबर से लापता युवक का शव मंगलवार को लमतरा औद्योगिक क्षेत्र के जंगल में मिला है। युवक के शव को जंगली जानवरों ने भी खा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के क्षत-विक्षत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कुठला थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि रीठी थाना क्षेत्र के थनौरा गांव निवासी अर्जुन भूमिया (20) 3 दिसंबर को साले के लड़की के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए कुठला थाना क्षेत्र के पिलौंजी गांव स्थित ससुराल गया था। रात करीब 10 बजे से वह ससुराल से लापता हो गया था। उसके लापता होने की सूचना परिजनों ने पुलिस थाने में दी थी। जिस पर गुम इंसान का केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। इस बीच मंगलवार को लमतरा औद्योगिक क्षेत्र के जंगल में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लापता युवक के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने शव की पहचान लापता हुए युवक अर्जुन पटेल के रूप में की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है।


