महाकालेश्वर मंदिर में साल के अंतिम सप्ताह और नए वर्ष के पहले सप्ताह में सबसे अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सामान्य श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए मंगलवार को कलेक्टर ने जन प्रतिनिधियों व मंदिर प्रबंध समिति सदस्यों के साथ बैठक कर दर्शन व्यवस्था पर चर्चा की। प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में जनप्रतिनिधियों, मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आगामी अंग्रेजी नववर्ष के अवसर पर अत्यधिक संख्या में दर्शन के लिए उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के सुगमतापूर्वक दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर के परिक्षेत्र के आसपास पर्याप्त मजबूत बैरिकेडिंग करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए। मंदिरों के आसपास के अतिक्रमण हटाए के लिए कहा है। साथ ही 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक श्री काल भैरव मंदिर में गर्भगृह में प्रवेश पूर्ण रूप से बंद रहेगा। आगामी दिनों में आने वाले पर्व सोमवती अमावस्या, बैरवा दिवस के अवसर पर कानून व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई। सोमवती अमावस्या स्नान की समीक्षा के दौरान घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था और साफ-सफाई किए जाने के निर्देश कलेक्टर ने दिए है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालन दंडाधिकारियों की 29 दिसंबर से आगामी 5 जनवरी तक श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए है। यह रहेगी सामान्य श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था बैठक में सामान्य श्रद्धालुओं के लिए चारधाम मंदिर पार्किंग स्थल से निर्धारित प्रवेश द्वार संग्रहालय के समीप से नंदीद्वार भवन फैसेलिटी सेंटर 01 टनल शक्ति पथ त्रिवेणी श्री महाकाल महा लोक मान सरोवर नवीन टनल 01-गणेश मंडपम से भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करेंगे, दर्शन उपरांत आपातकालीन निर्गम द्वार से बाहर की ओर बड़ा गणेश मंदिर के समीप हर सिद्धि मंदिर तिराहा पुन: चार धाम मंदिर पर पहुंचकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर फैसिलिटी सेंटर 01 से मंदिर परिसर निर्गम रैम्प गणेश मंडपम् एवं नवीन टनल दोनों ओर से श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की संख्या ओर अधिक होने पर फैसेलिटी सेंटर 01 से सीधे कार्तिकेय मंडपम् में प्रवेश कराकर दर्शन उपरांत द्वार नंबर 10 अथवा निर्माल्य द्वार के रास्ते बाहर की ओर प्रस्थान कराए जाने की व्यवस्था की जाएगी। चलित भस्म आरती के लिए सुबह 4:15 से प्रवेश साल के अंतिम दिन व नए वर्ष के पहले दिन श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिवर्षानुसार ऑनलाइन एवं ऑफलाइन भस्मार्ती पंजीयन बंद रहेगा। वहीं कार्तिकेय मंडपम् रिक्त रखकर श्रद्धालुओं के लिए भस्मार्ती के दौरान चलित भस्मार्ती दर्शन की व्यवस्था प्रात: 4:15 से रहेगी। कंट्रोल रूम से रहेगी नजर आगंतुक श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर परिक्षेत्र एवं सम्पूर्ण दर्शन मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे व कंट्रोल रूम में सीसीटीवी सर्विलेंस एवं एलईडी के माध्यम से सतत् निरीक्षण किया जाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सकेगी। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मूलभूत सुविधाओं के लिए फ्लैक्स लगाए जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था यहां रहेगी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग कर्कराज पार्किंग, भील समाज धर्मशाला, कलोता समाज धर्मशाला, कार्तिक मेला ग्राउंड, हरिफाटक ब्रिज के नीचे हाट बाजार, मेघदूत पार्किंग स्थल पर की जा सकेगी। यहां रहेगा जूता स्टैंड श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारधाम मंदिर पार्किंग स्थल पर जूता स्टेण्ड का निर्माण किया जाएगा। विशिष्ट,अतिविशिष्ट श्रद्धालुओं के लिए म्युजियम के पास जूता स्टेण्ड स्थापित किया जाएगा। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में विधायक अनिल जैन कालूहेडा, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह, एडीएम अनुकूल जैन, निगम आयुक्त आशीष पाठक, प्रशासक महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति गणेश कुमार धाकड़, समिति सदस्य राजेंद्र शर्मा, प्रदीप गुरू, आशीष पुजारी, पुजारी राजेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


