45 परिवार का बीमा कराया, 10 बच्चियों को शिक्षा दिलाएंगे

‘सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है’ इस मूल मंत्र को जीवन में उतारते हुए बीआरएस नगर के 10 युवाओं ने समाज सेवा की अनोखी मिसाल पेश की। श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर युवाओं ने ऐसा संकल्प लिया, जो समाज के लिए प्रेरणा बन गया। इन्होंने मिलकर न केवल बच्चियों की शिक्षा, बल्कि जरूरतमंदों के ऑपरेशन और स्वास्थ्य बीमा की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठाई है। 10 बच्चियों के नाम 15,000 की एफडी करवाई, ताकि उनकी शिक्षा का आधार मजबूत हो सके। 45 जरूरतमंद परिवारों के लिए 5 लाख का मेडिकल बीमा करवाया। 30 मरीजों के ऑपरेशन का खर्च मिलकर उठाने का प्रण लिया। रागी जत्थों के बच्चों को शिक्षा मिलेगी यूथ विंग के प्रधान गुरमीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने वाले सेवादारों की तनख्वाह इतनी नहीं होती कि वे अच्छे स्कूलों में बच्चों को पढ़ा सकें या महंगे अस्पतालों में इलाज करवा सकें। इसलिए हमने हर सेवादार का 5 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस कराया है। इतना ही नहीं गुरुद्वारे में कीर्तन करने वाले रागी जत्थों के बच्चों की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी वे लेंगे, ताकि वे न सिर्फ अच्छे विद्यार्थी बनें बल्कि भविष्य में सक्षम नागरिक और अधिकारी बन सकें। 10 युवाओं की पहल ये हैं सेवा करने वाले युवा: इस मुहिम में गुरमीत सिंह बेली (यूथ विंग प्रधान), सिंह कमल, सी.एस. कुलविंदर प्रभजीत सिंह लव, अमनदीप सिंह टिल्लू, रंजीत सिंह,सुरजीत सिंह, सर्बजोत सिंह, गनी सिंह, नानक सिंह शामिल हैं। इन सभी युवाओं का कहना है कि वे व्यवसायी हैं और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से प्रेरित होकर “दसवंत’ (आय का दसवां हिस्सा) समाज की भलाई में लगा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *