भास्कर न्यूज |लुधियाना गुरुद्वारा अमर शहीद बाबा दीप सिंह जी में रविवार को आयोजित साप्ताहिक कीर्तन समागम में भारी संख्या में संगत ने पहुंचकर हाजिरी भरी और आत्मिक शांति का अनुभव किया। सुबह श्री जपुजी साहिब, श्री चौपाई साहिब व श्री सुखमणि साहिब के सामूहिक पाठ से आरंभ हुए इस दिव्य समागम में वातावरण पूरी तरह से गुरबाणी के रंग में रंगा रहा। इसके उपरांत विभिन्न प्रसिद्ध रागी जत्थों ने बारी-बारी से गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया, जिसमें मेरा वैद्य गुरु गोबिंदा जनम जनम के दुख निवारे… शबद ने श्रोताओं के हृदय को गहराई तक झकझोर दिया। रागियों ने शबदों के माध्यम से संगत को बताया कि हरि का नाम ही जीवन की सच्ची औषधि है और वाहेगुरु का सिमरन जन्म-जन्मांतर के दुखों से मुक्ति देता है। गुरु के दर्शनों से सूखा मन भी प्रसन्न होता है और आत्मा को शांति मिलती है। पूरे समागम के दौरान संगत भाव-विभोर होकर गुरबाणी रस में डूबी रही। कार्यक्रम के समापन पर बोले सो निहाल… सत श्री अकाल के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य नवप्रीत सिंह बिंद्रा, सुखविंदर सिंह सरना, हरप्रीत सिंह राजधानी, एवं अमरजीत सिंह टिक्का ने रागी जत्थों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।गुरुद्वारा कमेटी ने संगत से आह्वान किया कि गुरु हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित समागम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लें और श्री सुखमणि साहिब के पाठ द्वारा आत्मा को निहाल करें। गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें हर वर्ग, हर आयु के श्रद्धालु प्रेम और समानता के भाव से शामिल हुए।


