लुधियाना| राधा स्वामी रोड स्थित श्री गीता माता भवन में रविवार को सिद्ध बाबा बालक नाथ जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर कमेटी के सदस्यों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद राधे श्याम संकीर्तन मंडल द्वारा भक्ति रस में डूबा संकीर्तन प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक माहौल में भजन गायन से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। मंडल द्वारा प्रस्तुत भजन ओ मेरे बाबा बालक नाथ, तेरी महिमा न्यारी है…, तू ही सुखदाता, तू ही रखवाली है… पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे। वहीं भजन पहाड़ों वाला बाबा आया, भंडारा साथ लाया… ने माहौल को और भी जीवंत कर दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में फूल चढ़ाकर, नारियल अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति की कामना की। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों व फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर मंदिर समिति अध्यक्ष ने बताया कि बाबा बालक नाथ जी के जन्मोत्सव पर हर साल यहां विशेष आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि बाबा जी की कृपा से हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।


