छतरपुर में मंगलवार दोपहर बसपा और कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोनों दलों ने अलग-अलग तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। बसपा के प्रदेश महासचिव सीएस बौद्ध, जिलाध्यक्ष डीडी अहिरवार, और वरिष्ठ नेता घासीराम पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मेला ग्राउंड से रैली निकालकर छत्रसाल चौक, चौबे तिराहा होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ऐसी मानसिकता के लोग सरपंच बनने के भी योग्य नहीं- सीएस बौद्ध
बसपा के प्रदेश महासचिव सीएस बौद्ध ने कहा कि संसद में अमित शाह ने डॉ. अंबेडकर को बार-बार “अंबेडकर, अंबेडकर” कहकर अपमानित किया। उन्होंने कहा कि या तो अमित शाह सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, या भारतीय जनता पार्टी उन्हें इस्तीफा दे। बौद्ध ने ये भी कहा कि इस तरह की मानसिकता वाले लोग सरपंच बनने के लिए भी योग्य नहीं होते। जिलाध्यक्ष डीडी अहिरवार और घासीराम पटेल ने भी शाह के बयान को निंदनीय बताया। पैदल मार्च निकालकर पहुंचे कलेक्टर
दोपहर बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने अमित शाह के बयान को अनुचित बताते हुए कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा इस्तीफा देना चाहिए।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सटई तिराहा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया।


