दलित नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण

भास्कर न्यूज | अमृतसर कोट खालसा थानांतर्गत प्रेम नगर क्षेत्र से एक दलित समाज से संबंधित नाबालिग लड़की ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ दो साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। लेकिन जब उसने शादी के लिए जोर डाला, तो आरोपी ने साफ मना कर दिया, जिस कारण उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। पीड़िता के परिजनों और वाल्मीकि समाज के नेताओं के अनुसार, पीड़िता की मां वर्षों से एक रसूखदार नेता के घर सफाई का काम कर रही थी। जब वह बीमार होती थी, तो अपनी बेटी को काम पर भेजती थी। उस समय लड़की की उम्र मात्र 15 साल थी और अब वह करीब 17 साल की है। लड़की के अनुसार, उक्त नेता के बेटे ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर दो साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब यह बात आरोपी युवक के परिवार को पता चली तो उन्होंने शुरुआत में शादी का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में लड़की की जाति का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया। जब लड़की ने इस संबंध में बात करनी चाही, तो आरोपी युवक ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया, तो उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस डर से सहमी लड़की ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जैसे ही यह खबर फैली, वाल्मीकि समाज की कई जत्थेबंदियां पीड़िता के समर्थन में सामने आईं और प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो भंडारी पुल पर रोड जाम करके प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के बयान दर्ज किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *