गुणवत्ता पर सवाल, निर्माण के दौरान ही कई जगहों से 8 किमी रोड उखड़ने लगी

भास्कर न्यूज | डौंडी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मरकाटोला मोड़ से लेनकसा तक बनाई जा रही सड़क निर्माण के दौरान ही कई जगहों से उखड़ने लगी है। ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। साइड शोल्डर में मुरुम की जगह मिट्टी डाली जा रही है। निर्माण स्थल पर सूचना पटल भी नहीं लगाया गया है। करीब दो महीने पहले शुरू हुए इस कार्य में 8 किलोमीटर लंबी सड़क पर डामरीकरण, सीसी रोड और साइड शोल्डर का काम होना था। बस्ती के अंदर सीसी रोड तो बना दी गई, लेकिन मुरुम नहीं डाले जाने से लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। सड़क के दोनों ओर गड्ढे हैं। आमने-सामने से गाड़ियां आने पर साइड देने में दिक्कत हो रही है। कई बार बाइक और साइकिल सवार गिर जाते हैं। मरकाटोला के उप सरपंच किशोर साहू, ग्रामीण जगमोहन देवहारी, जौहरीत कोरटिया और नारद साहू ने बताया कि ठेकेदार ने डामर बिछाने के बाद रोलर नहीं चलाया। सड़क कई जगह ऊंची-नीची है। डामर की परत उखड़ रही है। ठेकेदार ने इसे छुपाने के लिए जगह-जगह पैचवर्क किया है। सूचना बोर्ड नहीं लगाया उरझे गांव की सरपंच अमीना सलाम, पंच तुलसी नेताम और ग्रामीण रूपचंद सलामे, मेलन सिंह सलामे ने बताया कि उनके गांव में सीसी रोड तो बनी है, लेकिन मुरुम नहीं डाले जाने से लोगों को घर से निकलने में दिक्कत हो रही है। सड़क पर सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे ग्रामीणों को यह जानकारी नहीं है कि यह सड़क कितनी लागत से बन रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *