भास्कर न्यूज | कांकेर सरोना के मंडी प्रांगण में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम आयोजित हुआ। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी दिनेश कुमार कुंजाम ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और खाद-बीज भंडारण वितरण की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर के विषय विशेषज्ञ डॉ. चंदू लाल ठाकुर ने उन्नत तकनीक, नई किस्में, जैविक खेती, खरीफ फसलों की आधुनिक तकनीक, मृदा परीक्षण, खेत की तैयारी, बीज चयन और बीजोपचार, संतुलित उर्वरक उपयोग, समन्वित कीट प्रबंधन, फसल चक्र परिवर्तन और समन्वित कृषि प्रणाली पर विस्तार से बताया। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एसके सुरोजिया ने केंद्र प्रवर्तित योजनाएं, टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान की जानकारी दी। उद्यान विस्तार अधिकारी राजेंद्र साहू ने समेकित उद्यानिकी फसलें, ऑयल पाम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और सब्जी क्षेत्र विस्तार पर जानकारी दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर रहीं। जनपद पंचायत नरहरपुर की सदस्य चिंतामणि रामटेके, भानु नेताम, भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोना टेकेश्वर सिन्हा, पूर्व मंडल अध्यक्ष यशवंत सुरोजिया, सरपंच मुड़पार गंगाराम शोरी, सरपंच देवरी बालाजी माधव सिंह नेताम और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता प्रताप साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, रेशम पालन विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और सरोना, चोरिया, दलदली, साल्हेभाट, डवरखार, मुड़पार, मालगांव, देवरीबालाजी, करप, सारंडा, बांसपत्तर, रावस, कुम्हानखार व लेंडारा के किसान शामिल हुए। मंच संचालन ब्लॉक मैनेजर रोशन निषाद ने किया।


