छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कई तरह के जीर्णोद्धार के काम चल रहे हैं। आज वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी समेत राज्यसभा सासंद और महापौर ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय पर काम को पूरा करने की बात कही। मंत्री और सांसद समेत रेलवे के अधिकारियों ने स्टेशन पुनर्विकास के सभी कार्यों को मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रायगढ़ स्टेशन में हो रहे विकास के सभी कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कार्य के प्रगति के बारे में भी बताया गया। इस दौरान प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज समेत उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण कर चर्चा की। इस दौरान वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। रायगढ़ स्टेशन पर हो रहे विकास कार्य इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एयरपोर्ट की तर्ज पर होगा रेलवे स्टेशन मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल ने बताया कि, रायगढ़ स्टेशन पर मॉडर्न सुविधाओं से युक्त प्लेटफॉर्म, एयरपोर्ट की तर्ज पर स्टेशन भवन होगा। इसमें प्रवेश पोर्च, व्यवस्थित प्रवेश, निकासी द्वार, सुव्यवस्थित पार्किंग एरिया, स्थानीय कला-संस्कृति की चित्रकारी, बेहतर प्रकाश व्यवस्था होगी। डिजाइनर साइनेजेज, चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण, प्लेटफार्म का फ्लोरिंग, अतिरिक्त प्लेटफार्म शेल्टर का निर्माण, प्लेटफार्म में अतिरिक्त शौचालय का निर्माण, प्रतीक्षालय का नवीनीकरण किया जाएगा। दूसरे छोर पर मिलेगी टिकट काउंटर की सुविधा रायगढ़ रेलवे स्टेशन के दूसरे एंट्री कॉलोनी छोर पर यात्रियों को टिकट सुविधा मिल सके। इसके लिए मंत्री ओपी चौधरी, सासंद और महापौर ने नए अनारक्षित टिकट घर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नए टिकट काउंटर के शुरू होने से दूसरे एंट्री कालोनी छोर के यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा होगी। उन्हें मुख्य स्टेशन पर टिकट के लिए आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।


