हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में आज व कल भारी बारिश और तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, लाहौल स्पीति और किन्नौर जिला को दी गई है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों सहित टूरिस्ट को भी लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की एडवाइजरी की गई है।शिमला में रात तीन बजे से ही बारिश जारी है। इससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के कई शहरों का पारा 16 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। अगले 2 दिनों के दौरान भी तापमान सामान्य से कम रहेगा। चंबा का पारा सामान्य से 15.9 डिग्री नीचे गिरा चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 15.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है और यहां का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री रह गया है। कांगड़ा का तापमान भी सामान्य से 5.1 डिग्री कम होने के बाद 33.8 डिग्री सेल्सियस रह गया है। केलांग का पारा सामान्य से 4.3 डिग्री नीचे गिरने के बाद 17.5 डिग्री, सोलन का 3.6 डिग्री कम होने के बाद 28.5 डिग्री, नाहन का तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री नीचे गिरने के बाद 30.0 डिग्री सेल्सियस रह गया है। ठीक इसी तरह ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे लुढ़क गया है। मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बरसेंगे बादल हिमाचल में मानसून सीजन में भी इस बार सामान्य से ज्यादा बादल बरसेंगे। प्रदेश में जून से सितंबर के बीच 734.4 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 109 प्रतिशत बारिश के आसार है। मानसून से पहले भी पहाड़ों पर जमकर बारिश हो रही है। बीते एक सप्ताह के दौरान (25 मई से 1 जून) भी सामान्य से 62 प्रतिशत ज्यादा बादल बरसे हैं। इस अवधि में 13.8 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है। मगर इस बार 22.3 मिलीमीटर बादल बरस चुके हैं।