भास्कर न्यूज | जामताड़ा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, झारखंड प्रदेश के निर्देश पर जामताड़ा नगर के सेंट एंथोनी स्कूल, कायस्थपाड़ा में “वन नेशन वन इलेक्शन” विषय पर विचार संगोष्ठी हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल ने की। इसमें भाजपा जिला इकाई के साथ सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि बार-बार चुनाव से सरकारी संसाधनों और मानवबल पर दबाव पड़ता है। इससे प्रशासनिक कामकाज और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “एक देश, एक चुनाव” की सोच इस अव्यवस्था को खत्म कर देश को मजबूत दिशा देने का प्रयास है। कमलेश मंडल ने बताया कि आजादी के बाद पहले आम चुनाव में 10 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। अब किसी एक राज्य में ही हजारों करोड़ रुपये खर्च हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से बची राशि गरीबों के कल्याण और विकास में लगाई जा सकती है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे ने कहा कि हर छह महीने में चुनाव होने से आम जनता की दिनचर्या बाधित होती है। समय की बर्बादी होती है। स्कूल के प्राचार्य डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि शिक्षकों की चुनाव ड्यूटी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने स्कूल में अभियान चलाकर राष्ट्रपति को समर्थन पत्र भेजने की घोषणा की। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने 10,000 व्यापारियों की ओर से समर्थन का भरोसा दिलाया। अधिवक्ता उत्तम सिन्हा ने विषय की संवैधानिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला।


