भास्कर न्यूज|डंडई डंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास खाता संख्या 10 प्लॉट नंबर 609 में 16 डिसमिल जमीन पर पैक्स गोदाम का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जिसको लेकर आदिम जनजाति कोरवा परहिया परिवार के लोगों ने अपनी जमीन बताते हुए सोमवार को निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया है। विरोध जाता रहे आदिम जनजाति परिवार के बीरबल परहिया, रघु बैगा, गौरी देवी, हलकनिया देवी आशा देवी ममता देवी एस कुमार परहिया रीना देवी सीमा देवी सहित अन्य का कहना है की खाता संख्या 10 प्लॉट 609 रकबा एक एकड़ 20 डिसमिल जमीन स्वर्गीय चिनगी बैगा के नाम से है। भूमि गैर मजरूआ मालिक है। जिसकी बंदोबस्ती वाद संख्या 29/1987-1988 से चीनगी बैगा के नाम से डिमांड चलती है। लेकिन पैक्स गोदाम के ठेकेदार के द्वारा मनमाने तरीके से हमारी भूमि पर गोदाम का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। उक्त लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए आगे कहा है कि उक्त जमीन का सारा कागजात हम लोगों का है और ठेकेदार के द्वारा यहां पर पैक्स गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है जो समझ से परे लग रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारी से निर्माण हो रहे कार्य पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है। लोग बोले यदि निर्माण कार्य पर अविलंब रोक नहीं लगाई गई तो हम लोग जिले के वरीय पदाधिकारी के पास लिखित शिकायत करेंगे। मामले में राजस्व कर्मचारी इंदेश्वर बैठा ने कहा कि संबंधित जमीन की कागजात को जांच की जा रही है, जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। तो वहीं प्रभारी अंचलाधिकारी देवलाल करमाली ने कहा कि यदि कोरवा परहिया के जमीन पर पैक्स गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है तो वह जांच का विषय है, जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


