लुधियाना में पति ने पत्नी की हत्या की:दो बेटियों की मां का रस्सी से गला घोंटा, पैसों को लेकर हुआ था झगड़ा

लुधियाना के खन्ना में जुए की लत के कारण एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मलौद के गांव जीरख में हुई इस वारदात में 38 वर्षीय परमजीत कौर की मौत हो गई। आरोपी लखवीर सिंह ने 2 जून को पैसों की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी का रस्सी से गला घोंट दिया। मृतका के भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि उनकी बहन की शादी लखवीर से करीब 10 साल पहले हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं – एक 6 साल की और दूसरी डेढ़ साल की। लखवीर जुए का आदी था और रोजाना पैसे हारता था। वह अब तक लाखों रुपए हार चुका है। उसने अपना घर, पत्नी के जेवरात और बाइक तक को गिरवी रख दिया था। परमजीत कौर उसे जुआ खेलने से रोकती थी। इस कारण लखवीर उसे अक्सर मारता-पीटता था। पड़ोसियों ने परमजीत के मायके भट्ठियां गांव में सूचना दी। जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो परमजीत चारपाई पर चादर ओढ़े पड़ी थी। उसकी गर्दन पर रस्सी के निशान थे। पायल के डीएसपी हेमंत मल्होत्रा के अनुसार, मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *