हनीमून मनाने शिलॉन्ग गया, 11 दिन बाद शव मिला:इंदौर के युवक की टैटू से शिनाख्त हुई, ड्रोन ने खोजा शव; पत्नी की तलाश जारी

मेघालय के शिलॉन्ग में 11 दिन से लापता इंदौर के कपल में से पति राजा रघुवंशी का शव सोमवार को एक खाई में मिला है। उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की तलाश अभी जारी है। यह कपल हनीमून मनाने मेघालय के शिलॉन्ग गया था। यहां दोनों ओसरा हिल्स से 23 मई की शाम के बाद से लापता हो गए थे। तब से अलग-अलग 6 टीमें उनकी सर्चिंग में जुटी हैं। राजा के भाई सचिन ने उसका शव मिलने की पुष्टि की है। दूसरे भाई विपिन ने कहा कि जहां स्कूटर मिला था, वहीं से करीब 20 से 25 किलोमीटर दूर शव मिला है। राजा की मौत कैसे हुई और वह यहां तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। बता दें कि राजा के भाई विपिन और सोनम के भाई गोविंद सर्चिंग टीम के साथ ही मौजूद हैं। पुलिस ड्रोन की मदद से मिली डेड बॉडी मेघालय पुलिस ने बताया कि सोमवार को भी राजा और सोनम की सर्चिंग की गई। इसमें ड्रोन की भी मदद ली गई। सुबह 11.48 बजे ड्रोन की मदद से गहरी खाई में शव नजर आया। रियात अर्लियांग में वेइसाडोंग पार्किंग लॉट के नीचे खाई में शव था। बॉडी को ऊपर लाकर मजिस्ट्रियल जांच की गई। हाथ पर बने टैटू से हुई शव की पहचान शव के दाहिने हाथ पर एक टैटू (राजा नाम लिखा था) बना था। इसी के जरिए परिजन ने शव की पहचान राजा रघुवंशी के रूप में की। घटनास्थल पर एक सफेद लेडीस शर्ट, पेन्ट्रा 40 की स्ट्रिप, वीवो कंपनी के मोबाइल फोन की एलसीडी स्क्रीन और स्मार्ट घड़ी बरामद की गई है। जाचं के लिए SIT टीम का किया गठन शव को पोस्टमार्टम के लिए शिलांग के NEIGRIHMS अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है। साथ ही जांच करने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जांच आगे बढ़ने पर आगे की जानकारी दी जाएगी। पुलिस ने इस मामले में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना से इंकार नहीं किया है। मेघालय सरकार पर जताई नाराजगी राजा रघुवंशी के परिवार से जुड़े रवि वर्मा ने बताया- जिस जगह गाड़ी मिली थी, उससे 25-30 किमी दूर एक शव मिला है। बॉडी को तो हम अभी स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन हाथ पर राजा नाम लिखा है। उन्होंने बताया- 8 दिन से लगातार मेघालय सरकार से हम मदद मांग रहे थे, लेकिन जैसी मदद मिलनी थी वैसी नहीं मिली। खराब मौसम का हवाला दिया जा रहा था। अगर समय पर मदद मिलती तो राजा सकुशल मिल सकते थे। पूरे परिवार की मेघालय सरकार से नाराजगी है। खराब मौसम से रेस्क्यू में परेशानी राजा के भाई सचिन ने दैनिक भास्कर को बताया कि शिलॉन्ग में बारिश और कोहरा है। इसके कारण सर्चिंग में दिक्कत आ रही है। पहाड़ी इलाके में आर्मी ही कुछ कर सकती है, लेकिन वो मौजूद नहीं है। 6 टीमें सर्चिंग कर रही हैं। 20 मई को हनीमून पर हुए थे रवाना राजा और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। वे 20 मई को हनीमून के लिए रवाना हुए थे। राजा इंदौर में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं। दंपती इंदौर से बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे, जहां मां कामाख्या के दर्शन करने के बाद 23 मई को मेघालय के शिलॉन्ग रवाना हुए। शुरुआत में परिवार की दोनों से बात होती रही, फिर संपर्क टूट गया। राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी को पहले लगा कि नेटवर्क का इश्यू होगा, लेकिन 24 मई से दोनों के मोबाइल बंद हो गए तो चिंता होने लगी। कई प्रयासों के बाद जब कोई संपर्क नहीं हो सका तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलॉन्ग पहुंचे। इसके बाद वे सर्चिंग टीम के साथ जुड़े। मंत्री के बयान से परिवार नाराज मेघालय के पर्यटन मंत्री पॉल लिंगदोह ने इंदौर कपल और हंगरी के पर्यटक की हत्या पर कहा था कि पर्यटक बिना अधिकृत गाइड के इलाकों में ना जाएं। इस पर राजा के भाई विपिन ने कहा, “मंत्री को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। इस तरह का बयान देना गलत है। यहां एक दिन पहले ही एक हत्या हुई है, लेकिन अफसरों-मीडिया ने उसे सामने ही नहीं आने दिया। जनता भी अपराधों को छिपाती है जबकि सबको सभी तरह की जानकारी रहती है। अब बाहर से आने वाले पर्यटक शाम 6 बजे ही अपने होटलों में जाने लगे हैं। लोगों को अकेले कहीं भी जाने में डर लगता है।” सचिन रघुवंशी ने कहा, “सरकार को सिर्फ टूरिज्म की फिक्र है। पर्यटक की सुरक्षा को लेकर उनका ध्यान ही नहीं है। जब मंत्री अपने बयान में संवेदनशील जगह पर नहीं जाने की बात कर रहे हैं तो वहां पर ऐसी सूचना लगानी थी। फॉरेस्ट टीम को तैनात करना था। वे जिम्मेदारी से बच रहे हैं।” मेघालय के पर्यटन मंत्री का बयान जहां कपल गायब हुआ, वहां गहरी खाई, कोहरा समस्या…फोटोज मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *