गृहमंत्री अमित शाह के अंबेडकर पर दिए बयान के खिलाफ बसपा ने देशभर में प्रदर्शन किया। यूपी के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन करीब 3 घंटे तक चला। इसी बीच मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने X पर लिखा- गृह मंत्री ने संसद में बाबा साहब का अपमान किया। उन्हें पश्चाताप करना ही पड़ेगा। वहीं, आगरा में बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथ में झंडे-बैनर लेकर शाह के बयान पर नाराजगी जताई। शाह होश में आओ…संविधान का अपमान, नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाए। वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने कहा- अभी तो अंगड़ाई है, आगे बहुत लड़ाई है। गोरखपुर में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ वकील भी जुटे। हाथों में अंबेडकर की फोटो लेकर अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। कहा- बाबा साहब का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मायावती ने 19 दिसंबर को लखनऊ में एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा था कि अमित शाह ने संसद में बाबा साहब के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इससे अंबेडकर का अपमान हुआ। हमारी पार्टी का मानना है कि अमित शाह को अपना बयान वापस लेना चाहिए। माफी मांगनी चाहिए। शाह के बयान पर बसपा कार्यकर्ताओं के दिनभर के प्रदर्शन पढ़ने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए..


