जांजगीर | शहर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के उद्देश्य से बुधवार को जिले के प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दाई-बबा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बुजुर्ग नागरिक जांजगीर के पुराने जिला अस्पताल (सीएचसी) पहुंचे और अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। शिविर में बुजुर्गों को स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ योगाभ्यास भी करवाया गया। मितानिनों और डॉक्टरों की टीम ने बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड टेस्ट, आंखों की जांच, हड्डियों की जांच सहित कई बीमारियों की जांच की गई। साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवाने और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बुजुर्गों को विशेष परामर्श दिया गया ताकि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करवा सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम, मितानिनें और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।


