भास्कर न्यूज | कवर्धा वर्ष 2017 में महिला की हत्या कर फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी त्रिवेणी यादव को पुलिस ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी थाना तरेगांव की टीम ने की। मामला मार्च 2017 का है। प्रार्थी गहरू सिंह बैगा ने पंडरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 23 मार्च को ग्राम मगरवाड़ा में आरोपी ट्रक चालक त्रिवेणी यादव ने फोन कर बताया कि उसका ट्रक खराब हो गया है। उसने गहरू सिंह से कहा कि वह अपनी पत्नी को वहीं से ले जाए। गहरू सिंह अपनी पत्नी पार्वती बाई और उसकी साथी रामबाई को मोटर साइकिल में बैठाकर लौट रहा था। तभी आरोपी त्रिवेणी यादव ने जान-बूझकर ट्रक से मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में पार्वती बाई की मौके पर ही मौत हो गई। प्रार्थी गहरू सिंह और रामबाई को गंभीर चोटें आईं। शुरुआत में मामला धारा 304 के तहत दर्ज हुआ। जांच में आरोपी की मंशा साफ होने पर धारा 302 जोड़ी गई। शव का पोस्टमार्टम, घायलों की जांच और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई। ट्रक को जब्त कर कोर्ट के आदेश पर मालिक को सुपुर्द किया गया। आरोपी त्रिवेणी यादव मूलतः थाना तरेगांव का निवासी है। तरेगांव से पुलिस टीम ग्राम चांदवाही पहुंची, धरदबोचा घटना के बाद से ही आरोपी त्रिवेणी यादव फरार था। 15 जनवरी 2020 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी नरेंद्र कुमार तेंदुलकर ने स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी त्रिवेणी यादव ग्राम चांदवाही, थाना बहरी जिला सीधी (मप्र) में रह रहा है। सूचना पर थाना तरेगांव से निरीक्षक संग्राम सिंह और उनकी टीम रवाना हुई। टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया।


