दाढ़ी क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री पर कार्रवाई नहीं, आरोप

भास्कर न्यूज | दाढ़ी नगर पंचायत दाढ़ी के कई वार्डों में पिछले एक साल से अवैध शराब की बिक्री का आरोप क्षेत्रवासी लगा रहे हैं। वार्ड क्रमांक 5 समेत अन्य इलाकों में सुबह 6 से 8 बजे तक शराब खरीदने वालों को देखा जा सकता है। इससे वार्ड में तनाव की स्थिति बनी रहती है। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष भारतीय सूरज साहू ने आबकारी इंस्पेक्टर वीणा भंडारी को फोन कर अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई की मांग की। वार्डवासियों ने कई बार पार्षद से शिकायत की। पार्षद ने यह मामला नगर पंचायत अध्यक्ष को भी बताया। अध्यक्ष ने बताया कि आबकारी विभाग को कई बार जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं नगर के सूरज साहू ने बताया कि शिकायतों के बाद भी आबकारी अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति करते हैं। अधिकारी कहते हैं कि जांच के लिए कई बार पहुंचे, लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही और मनमानी के कारण ही दाढ़ी के वार्डों में शराब के साथ गांजे की भी अवैध बिक्री हो रही है। सूरज साहू ने आरोप लगाते हुए बताया कि दाढ़ी शराब दुकान से ही शराब खरीदकर अवैध बिक्री की जा रही है। दुकान के कर्मचारियों की मनमानी के कारण आसपास के गांवों में भी शराब महंगे दामों पर बेची जा रही है। सख्त कार्रवाई नहीं होने से माहौल बिगड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *