रेत खनन के गड्ढे में गिरी थी बच्ची, कार्रवाई की मांग

धमतरी | दर्री महानदी में रेत खदान के गड्ढे में एक बच्ची गिर गई। वह खेलते-खेलते खदान के पास पहुंच गई थी। गड्ढा गहरा था, लेकिन समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद बच्ची के पिता भीमलाल साहू ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रेत खदान उनके घर से सिर्फ 100 मीटर दूर है। यहां प्रतिबंधित चेन माउंटेन मशीन से अवैध रेत खनन हो रहा है। इससे खदान में 20 से 25 फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। खुदाई से नीचे पानी भी निकल आया है। खदान के आसपास कई छोटे बच्चे रहते हैं। वे रोज वहां खेलने जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दर्री ग्राम पंचायत समिति और ठेकेदार की मिलीभगत से यह अवैध खनन चल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शिकायत की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते रोक नहीं लगी तो बड़ा हादसा हो सकता है। कभी बच्चे गिरते हैं, कभी मवेशी। खदान 2 साल से चल रही है। दिन-रात चैन माउंटेन से खुदाई हो रही है। भीमलाल ने आरोप लगाया कि ग्राम विकास समिति को पैसे मिलते हैं, इसलिए खदान बंद नहीं होती। अपर कलेक्टर इंद्रा सिंह ने बताया कि नियम से ज्यादा रेत खनन की शिकायत मिली है। माइनिंग ऑफिसर को भेजा गया है। जांच के बाद नियमों का उल्लंघन पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *