भास्कर न्यूज | कवर्धा पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम महली (बकबुड़ा) में हुए रामगुलाल बैगा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मृतक का बेटा लवकेश उर्फ गजरू (19 वर्ष) है। तीर-कमान और टंगिया से वार कर अपने पिता की हत्या की थी। वारदात के बाद हत्या में प्रयुक्त टंगिया, तीर-कमान और खून से सने कपड़ों को पैरावट में छिपा दिया था। आरोपी लवकेश की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना 3 व 4 जून दरमियानी रात की है। मृतक रामगुलाल बैगा की हरकतों से परिवार के सभी सदस्य परेशान थे। घटना के 6 दिन पहले सभी उसे घर में अकेला छोड़कर चले गए थे। इस पर मृतक ने फोन कर बेटे लवकेश को घर बुलाया और साथ रहने की जिद करने लगा। दो साल पहले रामगुलाल ने लवकेश की खूब पिटाई की थी, जिसके कारण वह साथ रहने से मना कर किया। इस पर बेटे ने उसे मार डाला। मृतक रामगुलाल ने तीन शादियां की थी। आरोपी लवकेश उसकी पहली पत्नी का बेटा है। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद मृतक ने दूसरी शादी थी। दूसरी पत्नी के रहते हुए तीसरी शादी भी कर ली। दोनों पत्नियां साथ रहती थीं, लेकिन घटना के 6 दिन पहले सभी उसे छोड़कर चली गईं।


