भास्कर न्यूज | बरमकेला शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर प्रदेशभर में विरोध तेज है। रायपुर के धरना स्थल पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से बड़ी संख्या में युवा विरोध में जुटे हैं। डीएड, बीएड बेरोजगार युवा और शिक्षक संगठन इस प्रक्रिया को रोकने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार ने जिला शिक्षा अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रक्रिया जल्द पूरी कर शिक्षकों को नई जगह ज्वॉइनिंग दी जाए। बरमकेला विकासखंड में 6 स्कूलों को मर्ज किया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने अतिशेष शिक्षकों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। सूची के अनुसार 85 सहायक शिक्षक, 3 टी संवर्ग सहायक शिक्षक, 5 प्रधान पाठक प्राथमिक शाला, 7 शिक्षक, 1 प्रधान पाठक माध्यमिक शाला और 23 व्याख्याता शामिल हैं जिन्हें अतिशेष माना गया है,इन कुल 124 शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया जाएगा। बीईओ नरेंद्र जांगड़े ने बताया कि आत्मानंद विद्यालय और पीएम श्री विद्यालय इस प्रक्रिया से बाहर रहेंगे। इन स्कूलों में युक्तियुक्तकरण नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए प्रक्रिया जारी है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।


