केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना खेलो इंडिया मद से बिलासपुर के मोपका में 13.84 करोड़ की लागत से मल्टीपरपस इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिसमें बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबाल, बास्केटबाल, शॉपिंग काम्पलेक्स, कैफे जैसी अन्य सुविधाएं होंगी। युवा कार्य मंत्रालय का उद्देश्य युवाओं में ज्यादा से ज्यादा खेल प्रति रुचि बढ़े एवं स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा दिलाना है, जिससे कि वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर सकें। इसके लिए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने मांग की थी। विधायक सुशांत ने बताया केंद्र और राज्य सरकार से अपने विधानसभा क्षेत्र में मल्टीपरपज इनडोर स्टेडियम की मांग की जाती रही है। इस संबंध में केंद्रीय युवाकार्य मंत्री मनसुख मांडविया से सतत पत्राचार करते रहे हैं। दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय युवाकार्य मंत्री मांडविया से मुलाकात कर इस मांग को तत्काल स्वीकृति दिलाने अनुरोध किया था। सीएम की पहल पर मिली स्वीकृति
विधायक शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अपील कर विधानसभा बेलतरा विधानसभा को सौगात देने की मांग की थी। उनकी पहल पर इस कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति दे दी गई है। उक्त निर्माण में 7 करोड़ पचास लाख की राशि केंद्र सरकार से मिलेगी। शेष राशि राज्य सरकार देगी। युवाओं को मिलेगा बेहतर वातावरण
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के साथ सामाजिक कौशल विकसित करने और जीवन में खुशी और आनंद लाने में हमारी मदद करते हैं । हमारा प्रयास है कि युवाओं को एक बेहतर वातावरण मिले।


