तृणमूल कांग्रेस की चर्चित सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजद नेता पिनाकी मिश्रा से दूसरी शादी कर ली है। सोशल मीडिया पर दोनों की एक तस्वीर सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि दोनों ने 3 मई को ही जर्मनी में शादी कर ली थी। हालांकि, सेरेमनी को पूरी तरह से प्राइवेट रखा गया था। महुआ 50 साल की हैं। वह बंगाल के कृष्णानगर से दो बार की सांसद हैं। वहीं, 65 साल के पिनाकी मिश्रा ओडिशा के पुरी के पूर्व सांसद और सुप्रीम कोर्ट के बड़े वकील भी हैं। TMC की सबसे मुखर सांसदों में से शामिल महुआ मोइत्रा ने इससे पहले डेनिश फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी की थी, जिससे उन्होंने तलाक ले लिया था। महुआ लगभग तीन साल तक सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई के साथ रिलेशनशिप में भी थीं। बाद में दोनों में झगड़ा हो गया। 2023 में दोनों के रिश्ते में खटास की बात मीडिया के सामने आई, जब देहाद्राय ने महुआ पर संसद में सवाल पूछने के बदले बिजनेसमैन और हीरानंदानी ग्रुप के CEO दर्शन हीरानंदानी से घूस लेने का आरोप लगाया था। इसके बाद महुआ ने देहाद्राई को ‘जिल्टेड एक्स’, यानी धोखा खाया हुआ आशिक कहा था। TMC सांसद ने देहाद्राई पर आपराधिक अतिक्रमण, चोरी, अश्लील संदेश और दुर्व्यवहार के लिए के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी की थी। पिनाकी मिश्रा की भी यह दूसरी शादी, दो बच्चे भी हैं
महुआ के पति पिनाकी मिश्रा 1996 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर पुरी से लोकसभा सांसद बने थे। वे दो साल तक सांसद रहे। इसके बाद 2009 में बीजद के टिकट पर दूसरी बार पुरी के सांसद चुने गए। फिर 2014 और 2019 में लगातार तीन बार चुनाव जीते। 2024 के चुनाव में भाजपा के संबित पात्रा ने उन्हें पुरी से चुनाव हरा दिया था। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…


