मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम माड़ीसरई में बुधवार शाम बाजार से लौट रहे दो सर्राफा व्यापारी भाइयों को लुटेरों ने गोली मार दी। लुटेरे दोनों के पास से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। दोनों सर्राफा व्यापारी हरचौका बाजार से लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को प्राथमिक उपचार के बाद मध्यप्रदेश के शहडोल रेफर किया गया है। घटना जनकपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सर्राफा व्यवसायी ब्रम्हा सोनी (40 वर्ष) और अनिल सोनी (35 वर्ष) गुरुवार को हरचौका साप्ताहिक बाजार गए थे। दोनों बाजार करने के बाद अपने घर वापस सत्यारी लौट रहे थे। शाम करीब 7.30 माड़ीसरई के पास पहले से घात लगाए दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उन्हें बाइक अड़ाकर रोक लिया। दोनों भाइयों के पास रखे नगदी और जेवर को बाइक सवार युवकों ने लूटने की कोशिश की। जब दोनों भाइयों ने विरोध किया तो लुटेरों ने उन्हें गोली मार दी। नगदी एवं जेवर लेकर भागे लुटेरे
दोनों भाइयों को गोली मारने के बाद बाइक सवार युवक उनके पास रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी से भरा बैग लूटकर बाइकों से भाग निकले। रास्ते में उन्होंने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गिर गया और उसका पैर टूट गया। हादसे में घायल दोनों भाइयों का जनकपुर हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं दोनों भाइयों को इलाज के लिए मध्यप्रदेश के शहडोल के लिए रेफर कर दिया गया है। आरोपियों का सुराग नहीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर फरार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस को आशंका है कि लुटेरों ने पहले से ही व्यापारियों की रेकी की थी और संभवतः वे स्थानीय भी हो सकते हैं।


