पर्यावरण दिवस पर कार्टून वॉच की अखिल भारतीय कार्टून प्रतियोगिता:कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के कार्टूनिस्टों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिले पुरस्कार

5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कार्टून वॉच पत्रिका ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सहयोग से अखिल भारतीय कार्टून प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता देश की सबसे पुरानी और लोकप्रिय कार्टून प्रतियोगिताओं में से एक बन चुकी है। हर साल यह प्रतियोगिता यूएनईपी (UNEP) द्वारा घोषित थीम पर आधारित होती है। इस वर्ष की थीम थी “एंड प्लास्टिक पोल्यूशन” है। शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का इंतजार पूरे देश के कार्टूनिस्ट बड़ी बेसब्री से करते हैं। इस बार सबसे अधिक कार्टून में प्लास्टिक को रावण के रूप में दिखाया गया, वहीं कुछ ने पृथ्वी को प्लास्टिक प्रदूषण से बचाने, समुद्र मंथन, प्लास्टिक को युद्ध से जोड़ने और मछलियों पर इसके प्रभाव को भी प्रभावशाली तरीके से पेश किया। पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। प्रथम पुरस्कार की राशि 10,000 रुपए है, जो हैदराबाद के कृष्ण कुमार वल्लूरी और बैंगलोर के रघुपति श्रृंगेरी के बीच साझा किया गया। द्वितीय पुरस्कार, जिसकी राशि 7,000 रुपए है, विजयवाड़ा के एन. धीरजा और बैंगलोर के नागनाथ के बीच बांटा गया। वहीं, तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये का आंध्र प्रदेश के वी. चंद्रशेखर और हैदराबाद के गोपाल कृष्णा के बीच साझा किया गया। अन्य पुरस्कार विजेता इसके अलावा 20 प्रतिभागियों को 1,000-1,000 रुपए के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिनमें रायपुर से भव्या शर्मा और नमिता रैदास, भिलाई से वीरेन्द्र ओगले, वाराणसी से शिवम सेठ, उडुपी से जीवन शेट्टी, उड़ीसा से देवाशीष, हैदराबाद से मृत्युंजय और वर्चस्वी, चेन्नई से दिव्या, कर्नाटक से नन्जुंदा स्वामी, जम्मू से मनोज चोपड़ा और बंटी, पुणे से गोपी भोसले, कन्याकुमारी से जगन, विशाखापटनम से वंदना श्रीनिवास, कोलकाता से कल्लोल मजूमदार और मुंबई से नितिन बंगाले शामिल हैं। प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि 5 जून को चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी रायपुर सिविल लाइंस के कॉफी हाउस में दिनभर आयोजित की गई। सभी पुरस्कार विजेताओं को ऑनलाइन पुरस्कार राशि भेजी जाएगी और चयनित कार्टूनों के साथ कार्टून वॉच का विशेष अंक भी प्रकाशित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *