मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुढालपेन करसाड़ व मांदरी महोत्सव में भाग लेने गुरुवार को कांकेर जिले के ग्राम कराठी संबलपुर पहुंचे। आयोजन स्थल में उन्होंने ढोल भी बजाया। मुख्यमंत्री ने कहा यह महोत्सव क्षेत्र की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत कोa सहेजने और आगे बढ़ाने का प्रतीक माना जाता है। साथ ही अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगा लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने महोत्सव स्थल में आदिवासी समाज के आराध्य देव बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि व शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय आदिवासी परंपराओं और लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराते कहा बुढालपेन करसाड़ और मांदरी महोत्सव हमारे पुरखों की परंपराओं और सांस्कृतिक गौरव का उत्सव है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। हमारे पूर्वजों द्वारा बताई गई संस्कृति को हमें नहीं भूलना है। मिलजुल कर रहना है और इस परंपरा को हमेशा जीवित रखना है। इस परंपरा को बढ़ाने यह आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के लिए सभी आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते कहा आज विश्व पर्यावरण दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी से पेड़ लगाने आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अभियान के तहत हाईस्कूल मैदान संबलपुर में बादाम के पौधे का रोपण किया। सांसद भोजराज नाग ने कहा इस आयोजन से आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी और कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने भी सभा को संबोधित किया। गोंडवाना समाज समन्वय समिति भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष हरीश चंद्र कावड़े की अध्यक्षता में आयोजित महोत्सव में विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने लोगों का मनमोह लिया। आदिवासी समुदाय की युवक युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम स्थल उत्सव के रंग में सराबोर हो गया। महोत्सव में मिली सौगात
सीएम ने भानुप्रतापपुर और दुर्गुकोंदल में गोंडवाना समाज भवन निर्माण के लिए 25-25 लाख, गोंडवाना समाज के 12 परगना में शेड निर्माण के लिए 10-10 लाख, गोंडवाना समाज के 5 सर्कल में शेड निर्माण के लिए पांच-पांच लाख देने व ग्राम पंचायत संबलपुर भवन निर्माण के लिए भी घोषणा की। मावा मोदोल मंथन योजना शुरू
मुख्यमंत्री के हाथों आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा और दुर्गूकोंदल विकासखंड हेतु नीति आयोग के द्वारा 75 लाख रुपए की राशि का चेक कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को प्रदाय किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।


