छत्तीसगढ़ सरकार ने महाकोनी अमर गुफा और बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट आगजनी मामले की जांच कर रहे न्यायिक आयोग का कार्यकाल बढ़ा दिया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश सीबी बाजपेई की अध्यक्षता में चल रहे इस आयोग को अब 12 अक्टूबर 2025 तक का समय मिला है। 13 जून को समाप्त हो रहे आयोग के कार्यकाल को दूसरी बार बढ़ाया गया है। राज्य सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। न्यायमूर्ति बाजपेई के अनुसार जांच की प्रगति गवाहों के बयान और साक्ष्य संकलन पर निर्भर है। उन्होंने कहा, हम निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सभी पक्षों से सबूत और बयान जुटा रहे हैं। अमर गुफा और बलौदाबाजार जिला कलेक्ट्रेट में हुई थी आगजनी बतादें कि मई 2024 में महाकोनी अमर गुफा में जैतखाम काटे जाने की घटना से क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हुआ था। इसके बाद 10 जून 2025 को बलौदाबाजार जिला कलेक्ट्रेट में आग लगने की घटना हुई। आयोग दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रहा है। इसके लिए कई बैठकें की गई हैं और विभिन्न विभागों से दस्तावेज मंगाए गए हैं। आयोग ने सभी पक्षों से सहयोग मांगा है। कोई भी व्यक्ति जिसके पास इन घटनाओं से जुड़ी जानकारी है, वह आयोग के समक्ष बयान दर्ज करा सकता है।


