संभाग में भी नहीं हो सका अतिशेष शिक्षकों का समायोजन:पुराने स्कूलों में वापस भेजने की तैयारी, सरगुजा में 993 शिक्षकों में से 448 शिक्षकों का समायोजन

अतिशेष शिक्षकों और सहायक शिक्षकों का समायोजन संभाग स्तर पर भी नहीं हो सका। व्याख्याताओं के पद भी रिक्त नहीं हैं। व्याख्याताओं का नाम डीपीआई को भेजा जा रहा है। संभाग के शेष अतिशेष शिक्षकों को आगामी आदेश तक उनके पुराने स्कूलों में ही वापस भेजा जाएगा। सरगुजा कलेक्टर ने बताया कि जिले में 993 अतिशेष शिक्षकों में से 448 का समायोजन कर दिया गया है। 545 अतिशेष शिक्षकों का समायोजन नहीं किया जा सका है। सरगुजा संभाग के सभी जिलों में अतिशेष काउंसलिंग जिला स्तर के बाद संभाग स्तर पर भी पूरी कर ली गई है। संभाग स्तर पर गुरुवार को 174 व्याख्याताओं की काउंसलिंग की गई। वहीं माध्यमिक शाला के संभाग में 851 शिक्षक पद घटाए जाने के कारण अतिशेष हो गए हैं। इनमें से 75 शिक्षकों को शुक्रवार को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। इसमें अतिशेष शिक्षकों का समायोजन कर दिया गया है। शेष शिक्षकों के लिए पद रिक्त नहीं हैं। वापस पदस्थ स्कूलों में भेजे जाएंगे बचे शिक्षक
संभागीय स्तर पर रिक्त पदों पर ज्वाइन करने से इनकार करने वाले शिक्षकों को रिक्त पदों पर पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया गया है। सभी शिक्षकों को 15 जून तक अनिवार्य रूप से पदस्थ संस्था में ज्वाइन करने और सभी का एलपीसी जारी करने का निर्देश दिया गया है। काउंसलिंग के बाद बचे शिक्षकों को फिलहाल पुराने पदस्थ स्कूलों में भेजा जाएगा। नियमानुसार सहायक शिक्षकों को जिला और माध्यमिक शाला के शिक्षकों को संभाग स्तर पर ही प्रशासनिक तौर पर स्थानांतरित किया जा सकता है। व्याख्याताओं की अतिशेष सूची जेडी कार्यालय से डीपीआई को भेजी जा रही है। सरगुजा में 448 शिक्षकों का समायोजन
सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में 993 शिक्षक अतिशेष चिह्नित किए गए थे। इनमें से 448 शिक्षकों का समायोजन किया गया है। सरगुजा जिले में 302 शिक्षकों को एकल शिक्षकीय और शिक्षक विहीन विद्यालयों में पदस्थ किया गया है। पूर्व माध्यमिक शाला, हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूल के 146 शिक्षक और व्याख्याताओं का समायोजन किया गया है। जिले के कई ऐसे हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल जहां लंबे समय से भौतिकी, रसायन, गणित, अंग्रेजी, जीवविज्ञान के शिक्षक नहीं थे, वहां शिक्षकों के समायोजन से जिले की शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत होगी। 206 स्कूलों का समायोजन
सरगुजा जिले में एक ही परिसर में संचालित कुल 206 पीएस, एमएस, एचएस, एचसस जो एक ही परिसर में संचालित थी, ऐसे विद्यालयों का समायोजन किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में 07 शालाओं का समायोजन किया जा रहा है। जिले में 2055 स्कूलों में से 2048 स्कूल यथावत संचालित होंगे। कई स्कूलों में महत्वपूर्ण विषय के व्याख्याता नहीं थे, उन्हें शिक्षक मिल गए हैं। जहां ज्यादा बच्चे, वहां बढ़ाए जाएंगे पद
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने बताया कि जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या ज्यादा थी, वहां से स्वीकृत पद से अधिक पदस्थ शिक्षकों को नहीं हटाया गया है। इन स्कूलों का सेटअप बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। हालांकि, डीईओ जिले में बड़ी संख्या में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *