छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया का विरोध जारी है। शिक्षक इसे लेकर प्रदर्शन करने जा रहे है। वहीं कोंडागांव जिले में कांग्रेस ने भी प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। पार्टी बीईओ कार्यालयों का घेराव करेगी। जिला मुख्यालयों में शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों के सामने धरना देगी। इस फैसले के विरोध में कांग्रेस बंद किए गए स्कूलों के सामने स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने कहा कि जिले में 397 स्कूल बंद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव में 35,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा किया था। लेकिन अब 45,000 शिक्षक पद समाप्त कर रही है। कांग्रेस बोली- बस्तर संभाग के 1,163 स्कूल बंद होंगे बिरेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के नाम पर बड़े पैमाने पर स्कूल बंद करने का निर्णय लिया है। सरकार प्रदेश में 10,463 स्कूल बंद करेगी। इनमें बस्तर संभाग के 1,163 स्कूल शामिल हैं। बच्चों की शिक्षा होगी प्रभावित – कांग्रेस उन्होंने कहा कि स्कूल बंद होने से कई लोगों की नौकरियां जाएंगी। इनमें प्यून, रसोइया, सफाई कर्मचारी और मध्यान्ह भोजन बनाने वाली महिलाएं शामिल हैं। कांग्रेस का आरोप है कि आदिवासी क्षेत्रों में स्कूल बंद करने से वहां के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। कांग्रेस नेताओं ने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने बंद स्कूलों को फिर से शुरू किया था। साथ ही गरीब बच्चों के लिए आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भी खोले थे।