नए साल का जश्न मनाने के लिए आप अगर विमान से झीलों के शहर उदयपुर आना चाहते हैं तो अपने बजट को बढ़ा लें, क्योंकि विमानन कंपनियों ने उदयपुर की तमाम फ्लाइटों के किराये में 30 से 80 प्रतिशत तक वृद्धि कर दी है। इसी तरह आप उदयपुर से देश के दूसरे टूरिस्ट प्लेस पर जाना चाहते हैं तो उसके लिए भी महंगी हवाई यात्रा करनी पड़ेगी। किराये में यह वृद्धि उदयपुर से जयपुर, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, भोपाल और इंदौर के लिए आने-जाने वाली उड़ानों में 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक के बीच हुई है। उदयपुर-जयपुर फ्लाइट का किराया सामान्य दिनों में 5 से 8 हजार रुपए तक थी, जो 25 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच 9,500 से 17 हजार रु. तक पहुंच गई है। इसी प्रकार, उदयपुर-दिल्ली मार्ग पर सामान्य दिनों में हवाई टिकट की कीमत 5,500 से 8 हजार रुपए तक थी, जो अब 8,500 से 13,500 रुपए तक पहुंच गई है। उदयपुर-मुंबई मार्ग पर भी हवाई टिकट की कीमतें बढ़ गई हैं, जो सामान्य दिनों में 5,500 से 8 हजार रुपए तक थीं, अब 8,500 से 16 हजार तक पहुंच गई हैं। भास्कर एक्सपर्ट.. दिल्ली-मुंबई-जयपुर से कनेक्टिंग फ्लाइटें, सबसे ज्यादा भीड़ यहीं पर एविएशन एक्सपर्ट अशोक जोशी बताते हैं कि उदयपुर एयरपोर्ट से देश के प्रमुख 8 शहरों के लिए 28 फ्लाइटों का संचालन हो रहा है। नए वर्ष पर पर्यटन सीजन के कारण उदयपुर से जयपुर, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, हैदराबाद, भोपाल और इंदौर की फ्लाइटों के किराये में बढ़ोतरी हो चुकी है। नए साल का जश्न मनाने के लिए मेवाड़-वागड़ के लोग बड़ी संख्या में जम्मू-कश्मीर, लेह, नैनीताल, धर्मशाला-शिमला भ्रमण पर जाने के टिकट करा रहे हैं, जिनकी कनेक्टिंग फ्लाइट इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली, मुंबई, जयपुर से हैं। वहीं देश-दुनिया से बड़ी संख्या में पर्यटक न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए उदयपुर आ रहे हैं। इससे हवाई टिकट महंगे होते जा रहे हैं।


