बाघों का कुनबा बढ़ने की हुई शुरुआत:रामगढ़ टाइगर रिजर्व में अब बोटिंग सफारी भी, शंभुसागर झील में चलेंगी नाव, पानी पीते-घूमते वन्यजीवों का होगा दीदार

अब रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में बाघों का कुनबा बढ़ने की शुरुआत हो चुकी है। पर्यटकों के लिए वाइल्ड लाइफ में नए रोमांच की भी सौगात जल्द मिल सकती है। सैलानियों के लिए अच्छी खबर यह है कि रामगढ़ विषधारी रिजर्व में पर्यटकों को बोटिंग से टाइगर सफारी का ऑप्शन भी होगा। इसके लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने प्रस्ताव बना लिया है। बोटिंग से सैलानियों को रामगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य की छटा देखने का मौका मिलेगा और शंभुसागर में पानी पीते व जंगल में विचरण करते टाइगर सहित वन्यजीव भालू, जरख, चीतलों का दीदार होगा। योजना सफल रही तो रामगढ़ टाइगर रिजर्व प्रदेश में पहला टाइगर रिजर्व होगा, जहां बोटिंग से टाइगर सफारी का पर्यटक आनंद उठा सकेंगे। रामगढ़ टाइगर रिजर्व, बूंदी के डीसीएफ संजीव शर्मा ने बताया कि रामगढ़ टाइगर रिजर्व की परिधि में आने वाली शंभुसागर झील में बोटिंग कराने का प्रस्ताव बनाया है। झील में बोटिंग शुरू कराने से पहले शंभुसागर में सीपेज को रोकने पर काम किया जा रहा है। आसपास के गांव के लोग सिंचाई के लिए पानी खेतों में लेते हैं। बोटिंग से पहले सीपेज को रोककर रामगढ़ के मुख्य एंट्री गेट से झील में बोटिंग की जाएगी। बोटिंग से भी जंगल में टाइगर सफारी की सुविधा होगी। टाइगर रिजर्व प्रबंधन का शंभुसागर लेक में बोटिंग कराने की याेजना पहले से चली आ रही है, और अब इसे गति मिल गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *