नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल 26 नवंबर को पूरा होने के साथ ही यहां राजनीतिक दखल खत्म हो चुका है। कमान खुद के हाथ में आने के बाद अधिकारी भी पूरी तहर से सक्रिय हो गए हैं। निगम की ओर से पिछले कई दिनों से शहर में अतिक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। दिसंबर माह में 6 बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। इनमें भीतरी शहर से लेकर सूरजपोल, बापू बाजार, प्रतापनगर, चेतक, मल्लातलाई, पुराना आरटीओ तक के करीब 13 किमी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए गए। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को चेतक स्थित पहाड़ी बस स्टैंड से मल्लातलाई चौराहे तक अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया गया। टीनशेड और चबूतरों-रैंप को ध्वस्त किया। अवैध केबिन, ठेले, कबाड़ बाइकों समेत अन्य सामान को जब्त किया। अतिक्रमण हटाने की अगली कार्रवाई 26 दिसंबर को होगी। ऐसे चला बुलडोजर… पहाड़ी बस स्टैंड पर सुबह 10 बजे कार्रवाई शुरू हुई। तीन अवैध केबिनों, ऑटो रिपेयरिंग दुकान के बाहर रखी दो कबाड़ बाइकों व एक स्कूटी जब्त की। गांधी ग्राउंड के बाहर बुक स्टोर, रेस्टोरेंट व अन्य दुकानों के बाहर रखे काउंटर जब्त कर रैंप, चबूतरों व टीनशेड को तोड़ा। एमबी हॉस्पिटल रोड पर दुकान के बाहर रखे 5 काउंटर जब्त किया। इसके बाद स्वरूप सागर, राड़ाजी चौराहा से मल्लातलाई तक अतिक्रमण हटाया। यहां रेस्टोरेंटों के बाहर अवैध चबूतरों को तोड़ा। कार्रवाई 9 दिसंबर से जारी यूडीए भी सख्त : अवैध ठेले-पार्लर-तांगे हटाए यूडीए भी अवैध रूप से सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखा रहा है। मंगलवार को लेक पेट्रोल टीम ने फतहसागर और रानी रोड पर कार्रवाई की। रोड किनारे ठेले, आइसक्रीम पार्लर, तांगों, ऊंट संचालकों के लाइसेंस की जांच की। लाइसेंस मिलने पर टीम ने सभी को हटवाया। साथ ही इन्हें पाबंद भी किया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक डीएसपी अशोक आंजना, यूडीए राजस्व निरीक्षक बाबूलाल तावड़, राजेश मेहता, प्रताप सिंह, सहायक अभियंता राहुल चंदेरिया समेत लेक पेट्रोल टीम मौजूद रही। बता दें, सोमवार को भी फतहसागर पर 10 दुकानदारों पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था।


