धमतरी | भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर 9 जून से 6 जुलाई तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की है। इसे लेकर शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय में कार्यशाला हुई। इसमें जिले, मंडल, ग्राम और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। मुख्य वक्ता और संगठन प्रभारी नीलू शर्मा ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है। मोदी सरकार ने 2014 से अब तक कई संकल्प पूरे किए। देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को मजबूत किया। आतंकवाद और नक्सलवाद पर सख्त कार्रवाई की। जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को लाभ मिला। जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व ने एक माह का विस्तृत कार्यक्रम तय किया है। इसके लिए जिले और मंडल स्तर पर टीमें बनाई गई हैं। हर कार्यक्रम के लिए अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।