आमदी| शासकीय नवीन महाविद्यालय आमदी में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। इसमें रासेयो इकाई और यूथ रेडक्रॉस सोसायटी ने मिलकर भाग लिया। निर्माणाधीन कॉलेज परिसर में बेल, जामुन, बेर, कटहल जैसे फलदार पौधे लगाए गए। साथ ही 30 से ज्यादा छायादार पौधों का भी रोपण किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. गौकरण प्रसाद जायसवाल ने कहा कि भारतवर्ष ऋषि-मुनियों की धरती है। यहां प्रकृति की पूजा होती है। वृक्षों को देवता माना गया है। आज पर्यावरण संकट गहराता जा रहा है। ग्लोबल वार्मिंग, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसे खतरे बढ़ रहे हैं। ऐसे में पौधरोपण ही एक स्थायी समाधान है। रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डिगेश्वर अटल ने वर्ष 2025 की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना’ पर चर्चा की। उन्होंने सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर कॉलेज प्राध्यापक तरुण बैनर्जी, अंकित कुमार बोधवानी आदि मौजूद रहे।