भिलाई के रिसाली रावणभाटा स्थित ग्राउंड में फुटबॉल स्पर्धा का आयोजन किया गया, जहां भिलाई-3 न्यू मशाल क्लब फुटबॉल टीम (जूनियर) के कोच सुरेश राउत की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, मैच जीतते ही वो खुशी से झूमकर कुर्सी से उठे और हार्ट अटैक आ गया। घटना नेवई थाना इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, सुरेश राउत (52) फुटबॉल टीम के कोच होने के साथ ही फाइनेंस कंपनी में काम भी करते थे। शुक्रवार को रावणभाटा मैदान में फुटबॉल जूनियर टीम का मैच था। शाम करीब 7 बजे वो मैदान में ही अपनी टीम का मैच देख रहे थे। उनकी टीम ने काफी बेहतर प्रदर्शन कर मैच अपने नाम कर लिया। खुशी से झूमते समय आया अटैक इससे सुरेश राउत खुशी से झूम उठे। कुर्सी से उठते ही अचानक सीने में दर्द हुआ, तो फिर कुर्सी में बैठ गए। उसके बाद दोबारा नहीं उठ सके। लोगों को पता चला तो उन्होंने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुरेश राउत काफी अच्छे और बच्चों को प्रेरित करने वाले कोच थे। उनकी मौत के बाद से स्थानीय खेल प्रेमियों में शोक व्याप्त है। नेवई पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। शनिवार को उनका पोस्टमॉर्टम दुर्ग में किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 4-3 से टीम ने दर्ज की थी जीत बता दें कि, सुरेश राउत की टीम न्यू मशाल क्लब सेमीफाइनल मैच में 3-0 से पिछड़ गई थी। सुरेश यह मान चुके थे की उनकी टीम हार रही है। इसके बाद दूसरी पारी में उनकी टीम ने 4-3 से अंतिम समय में जीत दर्ज कर ली। इसलिए मैच जीतने की खुशी में झूम उठे।


