बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में अबूझमाड़ के मल्लखंब खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने एक रजत और चार कांस्य पदक जीते। इसके अलावा दीव में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स 2025 में बालक और बालिका वर्ग की टीम चैंपियनशिप में 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक हासिल किए। कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को इन प्रतिभावान खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को बस्तर के आदिवासियों के लिए एक मिसाल बताया। कलेक्टर ने कहा कि यह सफलता समर्पण, अनुशासन और अथक मेहनत का परिणाम है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने बस्तर की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है। कलेक्टर ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता न केवल नारायणपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आगे कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है। ऑयल पॉम के तहत खेती का विस्तार कोंडागांव जिले में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल पॉम के तहत खेती का विस्तार किया जा रहा है। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2022-23 में हुई थी। अब वर्ष 2025-26 के लिए इसे और मजबूती से लागू किया जा रहा है। केंद्र सरकार के अनुदान के साथ राज्य शासन टॉप-अप अनुदान भी दे रहा है। इस वर्ष जिले में 1000 हेक्टेयर में ऑयल पॉम पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। योजना को क्लस्टर आधारित मॉडल पर लागू किया जा रहा है। प्रत्येक क्लस्टर का न्यूनतम रकबा 10 हेक्टेयर होना जरूरी है। किसान व्यक्तिगत या समूह में योजना का लाभ ले सकते हैं। हितग्राहियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। योजना में पौधों की आपूर्ति के साथ उनकी देखभाल, बोरवेल, ड्रिप सिंचाई और फेंसिंग की सुविधा भी शामिल है। उद्यान विभाग तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन देगा। ऑयल पॉम प्लांटेशन की शुरुआत 9 जून को ग्राम चिंगनार में होगी। फरसगांव विकासखंड के इस गांव में 16 हेक्टेयर में पौधरोपण किया जाएगा। यह अभियान 9 जुलाई 2025 तक जिले के अन्य चयनित क्षेत्रों में चलेगा। जिला प्रशासन ने वन पट्टाधारी किसानों से रिक्त, भर्री या टिकरा जमीन पर ऑयल पॉम लगाने का आग्रह किया है। इच्छुक किसान विकासखंड उद्यान विभाग कार्यालय या जिला कार्यालय में सहायक संचालक से संपर्क कर सकते हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज का 370वां राज्याभिषेक केशकाल में मराठा समाज ने छत्रपति शिवाजी महाराज का 370वां राज्याभिषेक दिवस मनाया। केशकाल के शिवाजी पार्क में सुबह 11 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, जीजामाता महिला मंडल और तुलसी मानस प्रतिष्ठान के सदस्य शामिल हुए। छत्तीसगढ़ मराठा समाज 36गढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष लोकेश गायकवाड़ ने कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने राज्याभिषेक की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी। गायकवाड़ ने बताया कि शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक भारतीय स्वराज और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक था। कार्यक्रम में मराठा समाज के लोगों ने लोकेश गायकवाड़ को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। समाज के लोगों ने उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


