सौंदर्यीकरण पर 3.90 करोड़ खर्च पर काम संतोषजनक नहीं, नोटिस जारी होने पर भी वर्टिकल गार्डन बदहाल

भास्कर न्यूज | जालंधर स्मार्ट सिटी में फ्लाईओवर्स पर हरियाली और सौंदर्यीकरण के लिए 3.90 करोड़ रुपए की लागत से वर्टिकल गार्डन बनाए गए थे, लेकिन कंपनी का काम संतोषजनक नहीं निकला। इसके बाद नोटिस भी जारी किए, लेकिन सूखे पौधे और टूटी टोकरियां तक नहीं बदली गईं। अब फ्लाईओवर की दीवारों पर सूखे पौधे और खाली टोकरी लटकी दिखती हैं। इसलिए निगम ने कंपनी का ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस के एग्रीमेंट का रिन्यूवल नहीं किया। अब निगम निजी एजेंसी के साथ वर्टिकल गार्डन की देखभाल का एग्रीमेंट करेगी। स्मार्ट सिटी में डीएवी, होशियारपुर रोड और पठानकोट फ्लाईओवर के सौंदर्यीकरण के लिए 3.90 करोड़ का टेंडर किया गया था। इसमें कंपनी ने फ्लाईओवर के नीचे हरियाली के लिए नर्सरी बनाई, तो बांउड्रीवाल पर वर्टिकल गार्डन भी बनाए। वर्टिकल गार्डन में पौधे लगाए। वैसे शुरुआत में वर्टिकल गार्डन में पौधे सुंदर दिखते थे, लेकिन एक साल बाद ही वर्टिकल गार्डन के पौधे भी सूखने लगे। यहां तक कि नर्सरी में पौधों को पानी और सफाई के काम की भी अनदेखी होने लगी। सर्दी में पठानकोट फ्लाईओवर के वर्टिकल गार्डन के नीचे लोगों ने कचरे में आग लगा दी तो पौधों की टोकरियां जल गईं। इसके बाद भी कंपनी ने इन्हें बदलने का काम नहीं किया और सूखे पौधे भी नहीं बदले। इस पर निगम ने कंपनी को 2 बार नोटिस जारी किया। इसके बावजूद भी कंपनी के काम में कोई बदलाव नहीं किया। नवंबर 2024 में कंपनी का ऑपरेशन एंव मेंटेनेंस का एग्रीमेंट खत्म हो गया। अब निगम ने कंपनी का एग्रीमेंट रिन्यूवल नहीं किया। वैसे निगम ने सिटी की ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज और चौकों के सौंदर्यीकरण की देखभाल का काम एजेंसी को दिया है। इसी की तर्ज पर वर्टिकल गार्डन को निजी एजेंसी को दिया जाएगा। इस संबंध में एसई राहुल धवन ने कहा कि कंपनी का काम संतोषजनक नहीं होने पर नोटिस भी दिया था। इसलिए अब वर्टिकल गार्डन की देखभाल के लिए निजी एजेंसी के साथ एग्रीमेंट होगा। सिटी में पटेल चौक से लेकर विधिपुर फाटक तक की ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसमें 5.55 करोड़ रुपए से नौ किलोमीटर की ग्रीन बेल्ट में पौधे और एलईडी लाइटें लगाने का काम होगा। इसके लिए निगम बजट वन विभाग को ट्रांसफर करेगा। यहां पर वन विभाग ही काम कराएगा। इसके लिए वन विभाग जल्द ही काम शुरू करेगा। ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाई ओ वर (दाएं) डीएवी फ्लाईओवर के नीचे लगे पौधों की हालत।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *