राह में नया रोड़ा:ग्रीन मेडोज की दीवार ने रोका मेट्रो के नाले का काम, रहवासी बोले- 10 मीटर दूर बनाएं

अरेरा हिल्स स्थित ग्रीन मेडोज कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल के पास बन रहे मेट्रो प्रोजेक्ट के नाले का काम रहवासियों ने विरोध कर रुकवा दिया है। मेट्रो को ये नाला करीब 800 मीटर लंबा बनाना है, जिसमें से कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल के पास के 300 मीटर हिस्से का काम सोमवार शाम से बंद है। इसी कॉलोनी में रहने वाले जतारा से भाजपा विधायक हरीशंकर खटीक ने विधानसभा में सवाल भी उठाया था। जिस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जवाब में कहा कि यदि वहां जगह बची है तो बाउंड्रीवॉल से नाला और दूर कर लेंगे। रहवासियों का तर्क है कि जहां ये नाला बनाया जा रहा है, उसके पास ही कॉलोनी के रोज विला बने हैं। हमारे घरों को नुकसान पहुंच सकता है। मेट्रो के सुभाष नगर डिपो क्षेत्र में ये नाला कॉलोनी और डिपो के ड्रेन को गुजारने के लिए बनाया जा रहा है। डिपो का निर्माण मार्च-2025 तक पूरा करना है। यदि इस 300 मीटर हिस्से का काम बंद रहा तो अधूरे निर्माण के साथ डिपो शुरू करना पड़ेगा। जून-2025 में सुभाष नगर स्टेशन से एम्स के बीच करीब 7.7 किमी ट्रैक पर मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू करने का टारगेट रखा गया है। इधर, मेट्रो के एमडी का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। 8 लेन यार्ड और मेंटेनेंस ऑफिस बनकर तैयार सुभाष नगर डिपो में मेट्रो कंपनी ने अब तक करीब 60% काम पूरा कर लिया है। इसमें एडमिन बिल्डिंग, सब स्टेशन, 8 लेन यार्ड, मेंटेनेंस ऑफिस, स्टोर एरिया बना लिए हैं। 300 मीटर के हिस्से के लिए विधायक से लेकर रहवासियों तक की बात- खटीक का सवाल : नाले का काम ग्रीन मेडोज कॉलोनी से एक मीटर छोड़कर करवाया जा रहा है। इसे बाउंड्री से 10 मीटर दूर बनवाया जाए। और यहां जो पेड़ काटे गए हैं, उन्हें भी लगवाया जाए। विजयवर्गीय का जवाब : हमने पहले ही 4.5 मीटर की जगह 7 मीटर मार्जिन ऑफ सेफ्टी (एमओएस) छोड़ा है। यानी घरों से कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल की दूरी 7 मीटर है। इसके बाद नाला बना रहे हैं। ये चाहते हैं कि नाला और पीछे से बनवाएं तो यदि पीछे जगह होगी तो नाला और पीछे हटा देंगे। यहां पेड़ भी लगाए जा रहे हैं। रहवासी करेंगे विरोध: ग्रीन मेडोज रेसिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के सचिव अतुल भार्गव का कहना है कि रहवासियों ने सोमवार शाम से नाले का निर्माणकार्य बंद करवा दिया है। इस निर्माण से हमारी कॉलोनी के बंगलों को नुकसान पहुंच सकता है। मंत्री के कहने के बाद भी रहवासियों की बात नहीं मानी जा रही है। बात नहीं मानी तो बड़े स्तर पर विरोध करेंगे। फिर भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 का रास्ता बंद मेट्रो ने एक बार फिर भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 का रास्ता बंद कर दिया गया है। पहले एक तरफ का रास्ता बंद था, लेकिन मंगलवार को दूसरी तरफ का रास्ता बंद कर दिया। प्लेटफार्म नंबर-6 की तरफ 40 से 50 हजार यात्री आना-जाना करते हैं। लोग अपना सामान खुद ही उठाकर अल्पना तिराहे तक आए। इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी हुई। पहले ही मेट्रो इस तरह से रास्ता बंद कर चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *