अलीगढ़ में असली नोट के बदले नकली नोट देने का गैंग सामने आया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से 500-500 के नोटों की 470 गड्डियां मिली हैं। सौदा करने के लिए वीडियो कॉल पर नोट दिखाते थे। फिर डिलीवरी वाली जगह पर बैग में नोट लेकर जाते थे। इसके बाद खुद ही पुलिस को बुलाकर फंसा देते थे। 15 लाख में इन लोगों ने 50 लाख के नकली नोटों की डीलिंग की थी। विस्तार से जानिए पूरा मामला…. चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा
सिविल लाइंस थाना प्रभारी राजवीर सिंह परमार ने बताया-सोमवार देर रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर चेकिंग की जा रही थी। तभी पुलिस को निजामी पुलिया के पास चार संदिग्ध नजर आए। जिसके बाद इन्हें पूछताछ के लिए रोका गया। आरोपियों ने भागने की कोशिश भी की। लेकिन, इन्हें दबोच लिया गया। 15 लाख के बदले में देते थे 50 लाख
CO थर्ड अभय कुमार पांडेय ने बताया-आरोपी लोगों को 15 लाख असली रुपए के बदले 50 लाख के नकली नोट देने का झांसा देते थे। पहले यह लोगों को वीडियो कॉल करके नोटों के भरे बैग दिखाते थे। दावा करते थे कि यह नोट बाजार में आसानी से चल सकते हैं। लोग इनके झांसे में आकर नकली नोट खरीदने की बात कहते थे। आरोपी लोगों को अपने पास बुलाते थे और फिर इनसे असली नोट लेकर जाली नोटों से भरा बैग देते थे। इसके बाद आरोपी खुद ही पुलिस को सूचना देकर नोट खरीदने वालों को गिरफ्तार करवा देते थे। खुद ठगे गए, फिर शुरू किया ठगी का खेल
काफी समय से आरोपी जाली नोटों की तस्करी का काम कर रहे हैं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि इसके साथ भी इस तरह से ठगी की गई थी। जिसके बाद आरोपियों ने दूसरों को ठगने के लिए गैंग तैयार कर लिया। कई लोगों से रुपए लेकर आरोपी उन्हें अपने जाल में फंसा चुके हैं। अलीगढ़ में यह सेब की आढ़त का काम करते हैं। इसलिए इनका यहां आना जाना लगा रहता है। आरोपियों के पास से जो जाली नोट पकड़े गए हैं, उसमें भारतीय मनोरंजन बैंक लिखा है। यह दिल्ली जाने वाले थे, इससे पहले ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पिस्टल और 41 जिंदा कारतूस मिले
आरोपियों के पास से पुलिस को जाली नोटों के साथ ही .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मग्जीन और 41 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई साबिर अली, उस्मान अली, जितेंद्र कुमार धामा, प्रशिक्षु एसआई रजत खोखर, कांस्टेबल हरिपाल सिंह और शाहनवाज शामिल रहे। बदायूं और जम्मू कश्मीर के हैं आरोपी
पुलिस ने जाली नोटों की तस्करी करने वाले 4 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें दो आरोपी बदायूं के हैं और दो आरोपी जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं। पुलिस ने सलीम पुत्र सादिक निवासी वार्ड नंबर-17 मुहल्ला किरा ककराला थाना अल्हापुर जनपद बदायूं, हसनैन पुत्र असगर अली निवासी वार्ड 20 ककराला थाना अल्हापुर जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया है। हसनैन वर्तमान में अलीगढ़ में न्यू सर सय्यद नगर अलशेर अपार्टमेन्ट जी–1 थाना सिविल लाइन में रह रहा है। इनके साथ मुख्तार अहमद वानी पुत्र अब्दुल मजीद वानी निवासी हिरपुरा थाना हिरपुरा जिला सोपिया जम्मू कश्मीर और बसारत हमीद पुत्र अब्दुल हमीद वानी निवासी कुटपोरा थाना सोपिया जिला सोपिया जम्मू कश्मीर को भी गिरफ्तार किया है। —————————— ये खबर भी पढ़िए… बैंक के 42 लॉकर लूटने वाले 2 बदमाशों का एनकाउंटर, 4 घंटे के अंदर एक को लखनऊ, दूसरे को गाजीपुर में मार गिराया लखनऊ के इंडियन ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर काटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों का एनकाउंटर 4 घंटे के अंदर किया। पहला एनकाउंटर लखनऊ में रात साढ़े 12 बजे हुआ। दूसरा लखनऊ से 350 किमी दूर गाजीपुर के गहमर में मंगलवार तड़के साढ़े 4 बजे हुआ। पढ़िए पूरी खबर


