पाकिस्तान से आ रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस; होगी बारिश:आठ जिलों में बारिश का पूर्वानुमान, 30 दिसंबर के बाद पड़ेगी कड़ाके की ठंड

पाकिस्तान के रास्ते एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है। वैसे तो पूरे झारखंड में इसका असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से राज्य के आठ जिलों में बारिश का पूर्वानुमान किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि इसकी वजह से 28 दिसंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। ठंड में आएगी कुछ कमी मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में बादल और बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार 30 दिसंबर से मौसम साफ होने का अनुमान है। इसके बाद न्यूनतम तापमान गिर सकता है। नए साल का स्वागत कड़ाके की ठंड से होगा। मौसम केंद्र ने अनुमान किया है कि सुबह और शाम में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। दिन में मौसम खुला रह सकता है। कोहरा और धुंध के बाद मौसम साफ रहेगा। 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा रांची का तापमान राजधानी रांची के मौसम की बात करें तो यहां का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सोमवार की तुलना में तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस गिरा। अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जमशेदपुर और डालटेनगंज का न्यूनतम तापमान भी गिर गया है। राज्य में सबसे कम तापमान देवघर का रहा। वहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। पलामू का तापमान सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। आज न्यूनतम तापमान में गिरावट संभव मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर क्रिसमस के दिन भी रांची में उच्चतम तापमान और न्यूनतम तापमान में बदलाव होने की संभावना है। रांची और आसपास के इलाके में 25 दिसंबर को सुबह में कोहरा व धुंध छाया रहेगा। हालांकि बाद में आसमान साफ हो जाएगा। उच्चतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं गुरुवार 26 दिसंबर को उच्चतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री गिरने की संभावना है। 29 को सुबह में रहेगा कोहरा, आंशिक बादल छाए रहेंगे रांची सहित राज्य भर में 29 दिसंबर से तापमान में गिरावट आएगी। सुबह में कोहरा रहेगा। राज्य के कुछ जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी। इस दिन अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 30 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *