भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन किया। इसी के साथ प्रकाशन विभाग के नए कार्यालय, गुरमत साहित्य सदन और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों की छपाई के लिए लगाई गई आधुनिक मशीन की शुरुआत भी की गई। उल्लेखनीय है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रति सम्मान को ध्यान में रखते हुए एसजीपीसी ने पवित्र स्वरूपों के प्रकाशन, रखरखाव और देखभाल के लिए गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब में स्थित श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन के हॉल नंबर चार का आधुनिकीकरण करने का फैसला लिया था, जिसकी सेवा बाबा कश्मीर सिंह कारसेवा भूरीवाला को दी गई थी। इसी तरह प्रकाशन विभाग के कार्यालय और साहित्य घर का भी नवीकरण किया गया है। इस भवन की सेवा बाबा सुच्चा सिंह, बाबा सतनाम सिंह किला आनंदगढ़ वाले को सौंपी गई है। एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब सिख कौम की आस्था का केंद्र है और इसका मान-सम्मान बनाए रखना सिख संगठन की बड़ी जिम्मेदारी है। एडवोकेट धामी ने आगे बताया कि आज श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की छपाई के लिए एक आधुनिक मशीन भी शुरू की गई है। इस मशीन से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छपाई करते समय एक ‘सेवा पहचान नंबर’ कोड किया जाएगा। इससे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों संबंधी जानकारी संग्रहित की जाएगी, ताकि छपे हुए हरेक पावन स्वरूप की पूरी जानकारी रखी जा सके। इस अवसर पर बाबा कश्मीर सिंह कारसेवा भूरीवाले, बाबा सुखविंदर सिंह भूरीवाले, बाबा सुच्चा सिंह और बाबा सतनाम सिंह किला आनंदगढ़ वाले, शिरोमणि कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण, सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, सुरजीत सिंह भिट्टेवड़, हरजाप सिंह सुल्तानविंड, जत्थेदार बावा सिंह गुमानपुरा, गुरमीत सिंह बूह, सचिव प्रताप सिंह, ओएसडी सतबीर सिंह धामी, श्री दरबार साहिब के जनरल मैनेजर भगवंत सिंह मौजूद थे।


