सुबह तब्दील मलकीयत करवाई, शाम को पौने चार बजे विजिलेंस की गोपनीय चेकिंग

भास्कर न्यूज| अमृतसर रजिस्ट्री दफ्तर में विजिलेंस विभाग से ही किसी ने तहसील-2 में सुबह तब्दील मालकीयत (ब्लड रिलेशन में जगह ट्रांसफर) की रजिस्ट्री करवाई। इसके बाद शाम करीब पौने चार बजे विजिलेंस ने गोपनीय तरीके से दस्तक दी। सादे वर्दी में तहसील पहुंची इसलिए किसी को भनक नहीं लग पाई। अंदरखाते जैसे ही पता ​चला कि विजिलेंस दफ्तरों के आस-पास घूम रही है, तो सरकारी मुलाजिम आरसी-क्लर्क व प्राइवेट कारिंदे दफ्तर छोड़कर भाग निकले। सब-रजिस्ट्रार दफ्तर के अंदर सन्नाटा पसर गया। विजिलेंस करीब 1 घंटे तक 2 सब-रजिस्ट्रार दफ्तरों तहसील-1 और तहसील-2 के आस-पास घूमती रही। वेटिंग हॉल में एक एडवोकेट से पूछा कि वह यहां क्या कर रहे तो अपना आईकार्ड दिखाया। इसके बाद रजिस्ट्री करवाने आए लोगों से भी पूछताछ करते रहे। किसका क्या काम है, इस बारे भी जानकारी लेते रहे। किसी को माजरा समझ नहीं आया किसलिए यह चेकिंग हुई है। विजिलेंस से संपर्क करने पर बताया कि टीम विभागीय काम से गई हुई थी। खुद ही मुलाजिम दफ्तर छोड़कर निकल गए। जब किसी गलत काम में संलिप्त नहीं हैं, तो डरकर निकल जाने की क्या जरूरत है। वहीं, सब-रजिस्ट्रार-3 कार्यालय में विजिलेंस की टीमें नहीं गईं तो मुलाजिमों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, रजिस्ट्री दफ्तरों में मुलाजिमों के अंदर विजिलेंस का डर बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *