कोंडागांव जिले में म्यूल अकाउंट के जरिए 8 लाख की धोखाधड़ी हुई है। साइबर सेल ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जितेंद्र बेध (25 साल) और नितेश बघेल (21) ने अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को किराए पर देकर ठगी की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जितेंद्र बेध ने बताया कि उसने अपने दोस्त नितेश बघेल के साथ मिलकर ठगी की रकम का इस्तेमाल शेयर मार्केट ट्रेडिंग में किया। दोनों ने साइबर अपराधियों को खाते की सुविधा देकर कमीशन भी लिया। साइबर ठगों को किराए पर दिया अकाउंट साइबर पोर्टल के समन्वय एप से मिली शिकायत में बताया गया कि जितेंद्र बेध ने अपना इंडियन ओवरसीज बैंक का खाता साइबर ठगों को किराए पर दिया था। मामले की पुष्टि के बाद थाना कोंडागांव में धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111 BNS के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपियों को भेजा जेल इस मामले में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सउनि दिनेश पटेल, प्र. आरक्षक अशोक मरकाम और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। कोंडागांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते या दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें। ऐसा करने पर वे न सिर्फ अपराध में शामिल माने जा सकते हैं, बल्कि जेल भी जा सकते हैं।


