कपूरथला में एक युवक को जर्मनी भेजने के नाम पर ट्रैवल एजेंटों द्वारा 6 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगी के आरोप में थाना तलवंडी चौधरियां में 3 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज लिया है। फिलहाल अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, रुलिया राम निवासी गांव बाजा ने पुलिस को बताया कि उसका रिश्तेदार अंग्रेज सिंह निवासी ढाडी कदीम, जलालाबाद जिला फाजिल्का जर्मनी जाना जाता था। इस दौरान करनदीप सिंह नामक व्यक्ति ने उनकी मुलाकात ट्रैवल एजेंट सोनू सिंह व हरभजन सिंह निवासी गांव अमृतपुर तलवंडी चौधरियां के साथ करवाई। जिन्होंने कहा कि वह उसके रिश्तेदार को जर्मनी भेज देंगे। पहले भी उन्होंने कई लोगों को विदेश भेजा है। एजेंटों ने गुम किया पासपोर्ट ट्रैवल एजेंटों ने पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज के साथ अलग-अलग तारीखों में 6 लाख रुपए ले लिए, लेकिन इसके बाद न तो उसके रिश्तेदार को विदेश भेजा और न ही रुपए वापस किए। पीड़ित ने यह भी बताया कि उक्त आरोपियों ने उसका पासपोर्ट भी गुम कर दिया। जोकि बाद में गुमशुदगी की FIR दर्ज करवाने के बाद नया बनाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों पर लगे सभी आरोप सही पाए। जिस कारण पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


