युवक ने पत्नी व बेटी की टांगी मारकर हत्या की:स्वयं फांसी लगाने की तैयारी कर रहा था, पुलिस ने बाहर निकालकर पकड़ा

सरगुजा के नर्मदापुर में बुधवार को युवक ने अपनी पत्नी एवं बेटी की टांगी मारकर हत्या कर दी और स्वयं फांसी लगाने की तैयारी कर रहा था। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंच छप्पर तोड़कर युवक को काबू में किया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, नर्मदापुर अंतर्गत ग्राम माझापारा निवासी सुशील माझी (34 वर्ष) की मानसिक हालत एक माह से ठीक नहीं थी। पहले भी वह पागलों की तरह हरकत करता था। बुधवार सुबह 7 बजे उसने घर में स्वयं को बंद कर लिया। घर में उसकी पत्नी संझई माझी (32 वर्ष) एवं बेटी प्रियंका माझी (7 वर्ष) भी थे। सुबह करीब 11 बजे सुशील माझी की पत्नी एवं बेटी को आसपास के लोगों ने चिल्लाते हुए सुना। इसके बाद घर से आवाज आनी बंद हो गई। डायल 112 की टीम ने निकाला बाहर
आसपास के लोगों ने सुशील माझी के घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला तो ग्रामीणों ने डायल 112 की टीम को फोन किया। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने छप्पर उजाड़कर कमरे में झांका तो अंदर संझई माझी एवं प्रियंका की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। सुशील माझी भी स्वयं फांसी लगाने की तैयारी कर रहा था। ग्रामीणों ने छप्पर के रास्ते अंदर प्रवेश किया। सबसे पहले घर में घुसने वाले भोदल राम पर भी सुशील माझी ने चाकू से हमला करने की कोशिश की। अंदर से दरवाजा खोलने के बाद पुलिस ने सुशील माझी को हिरासत में ले लिया। पहले से थी परेशानी, नहीं हुआ इलाज
सुशील माझी पहले होटल में मिस्त्री का काम करता था। कुछ समय पूर्व उसने नर्मदापुर जनपद पंचायत के सामने होटल भी खोला था। सुशील माझी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन उसने इलाज नहीं कराया। बीच में वह स्वयं ठीक हो गया था। सुशील माझी के माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसके भाई भी नहीं हैं। घर में वह पत्नी व बच्ची के साथ ही रहता था। उसके नजदीकी रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *